परवार जैन जाति का गौरवशाली इतिहास
प्रो. फूलचन्द जैन ‘प्रेमी’, वाराणसी
(राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित)
9450179254
पृष्ठभूमि
परवार जैन जाति का इतिहास अत्यन्त प्राचीन, गौरवशाली एवं विविध ऐतिहासिक प्रमाणों से समृद्ध है। अपने अतीत, मूल परम्परा, सामाजिक स्वरूप तथा धार्मिक संस्कारों को जानना प्रत्येक समाज के लिए आवश्यक है। परवार जाति की प्राचीनता, उसके मूलसंघ से सम्बन्ध, परमार क्षत्रियों से उसकी वंश-परम्परा तथा गुजरात, मेवाड़ और बुन्देलखण्ड आदि प्रदेशों में उसके क्रमिक निवास के अनेक प्रमाण शिलालेखों, मूर्तिलेखों, पट्टावलियों एवं साहित्यिक ग्रन्थों में उपलब्ध होते हैं। प्रस्तुत संक्षिप्त आलेख में इन्हीं ऐतिहासिक प्रमाणों एवं परम्परागत मान्यताओं के आधार पर परवार जैन समाज की प्राचीनता, विकास, धार्मिक निष्ठा और सांस्कृतिक-सामाजिक विशेष पहचान आदि के विन्दुओं को संक्षेप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।
*इतिहास-लेखन के आधार*
अपने देश की किसी भी समाज, संस्कृति, परम्परा या जाति विशेष का इतिहास जानना हो अथवा लिखना हो, उसके लिए आधारभूत कुछ प्रमुख प्रमाणों की उपलब्धता आवश्यक है। वे ये हैं-
१. प्राचीन शिलालेख, मूर्तिलेख, ताम्रपत्र, मुद्रा, पट्टावलियाँ तथा प्रशस्तियाँ आदि।
२. साहित्यिक उल्लेख।
३. तत्कालीन तत्संबंधी मान्यताएँ, अवधारणाएँ,परम्पराएँ एवं परिस्थितियाँ।
इनके साथ ही कुछ और भी अन्यान्य उपलब्ध साधन इतिहास-लेखन में सहायक हो सकते हैं।
*परवार जैन समाज के इतिहास का संक्षिप्त परिचय*
प्रस्तुत ‘परवार जैन जाति का इतिहास’ शीर्षक से यह संक्षिप्त आलेख श्रद्धेय सिद्धांताचार्य पंडित फूलचन्द शास्त्री द्वारा लिखित तथा श्री भारतवर्षीय दिगम्बर जैन परवार सभा, जबलपुर द्वारा सन् १९९२ में प्रकाशित ‘परवार जैन समाज का इतिहास’ नामक ग्रन्थ तथा इसमें उल्लिखित श्रद्धेय गुरुवर्य पं. जगन्मोहनलाल जी सिद्धांतशास्त्री एवं की विद्वत्तापूर्ण विस्तृत प्रस्तावना और इस पुस्तक में संकलित पं. नाथूराम जी प्रेमी के 'परवार जाति के इतिहास पर कुछ प्रकाश' शीर्षक आलेख पर आधारित होने पर भी इसे सारांश रूप में कुछ नवीन तथ्यों के साथ अपने नये ढंग से लिखा गया है।
प्रत्येक समाज को अपना इतिहास इसलिए लिखना-पढ़ना आवश्यक होता है, ताकि वह अपने गौरवशाली अतीत, समृद्ध संस्कृति, संस्कार, आदर्श परम्परा, उत्कर्ष-अपकर्ष आदि को जान सके और तदनुसार उस पर चलते हुए, उसे सँभालने-विकसित करने हेतु प्रयत्नशील रहे।
परवार जैन समाज का इतिहास, उसकी अपनी एक विशेष सांस्कृतिक, सामाजिक और परम्परागत पहचान और स्तर सदा से वैशिष्ट्यतापूर्ण एवं गौरवशाली रहा है। जैन संस्कृति में अब तक उपलब्ध विविध ऐतिहासिक प्रमाणों के आधार पर परवार जाति का इतिहास दो हजार से भी अधिक अर्थात् विक्रम शताब्दी के प्रारम्भ होने से पूर्व का है।
*सम्राट् चन्द्रगुप्त मौर्य और जैन परम्परा*
विक्रम की तीसरी शताब्दी पूर्व अपने शौर्य से बृहत्तर भारत के स्वप्न को साकार करने वाले सुप्रसिद्ध सम्राट् चन्द्रगुप्त मौर्य हुए, जिन्होंने जीवन के अन्त में अन्तिम श्रुतकेवली आचार्य भद्रबाहु स्वामी से जैनेश्वरी दीक्षा ग्रहण करके संयम साधना करते हुए, अपने गुरु की सल्लेखना के समय बड़ी निष्ठा-श्रद्धा से अनुपम सेवा की और उनकी समाधि के बाद कर्नाटक के विश्व प्रसिद्ध तीर्थ श्रवणबेलगोला के ‘चन्द्रगिरि’ पर्वत पर स्थित गुफा में उनकी समाधि की पुण्य-स्मृति में चरण स्थापित कराये और उस काल की सामाजिक, धार्मिक व्यवस्था का द्योतक शिलालेख अंकित कराया। और अन्तिम समय में सल्लेखना धारण कर अपने जीवन को सार्थक किया।
इसी ‘चन्द्रगिरि’ पर्वत पर ‘चन्द्रगुप्त बस्ति’ (बसदी) नाम से एक अतिप्राचीन जिनालय है, जिसे सम्राट् चन्द्रगुप्त ने बनवाया था। इसके अन्दर बायीं ओर दरवाजे के दोनों तरफ की काले पाषाण की बड़ी जालीदार दीवार पर श्रुतकेवली आचार्य भद्रबाहु स्वामी ससंघ और सम्राट् चन्द्रगुप्त के दिगम्बर साधु तक के अनेक जीवन प्रसंगों का मूर्तांकन हमारी ऐतिहासिक और प्राचीन अनमोल धरोहर है।
कुछ इतिहासकारों की लेखनीऔर इन पर बने अनेक टेलीविजन धारावाहिकों ने इस महत्वपूर्ण प्रत्यक्ष प्राचीन साक्ष्य का अनदेखा कर भारत के इस गौरवशाली सम्राट् के जीवन के विषय में अनेक मनगढ़ंत जीवन प्रसंगों को प्रस्तुत कर इतिहास के साथ खिलवाड़ किया है।
वस्तुतः सम्राट् चन्द्रगुप्त अखण्ड भारत के प्रथम निर्माता, परमार वंश के कुल-भूषण और जैनधर्म के अनुयायी थे। इनके वंशज महाराजा विक्रमादित्य के नाम पर आज भी विक्रम संवत् चल रहा है, जो कि परमार क्षत्रिय थे। इन्हें पवार, परमार, प्रमार आदि शब्दों से यत्र-तत्र उल्लिखित किया गया।
*मूलसंघ और गुप्तिगुप्त आचार्य*
पूर्वोक्त अध्ययन से यह भी स्पष्ट प्रतीत होता है कि विक्रम संवत् के बहुत पूर्व से ही ये दोनों पूर्वोक्त राजवंश जैनधर्म के अनुयायी रहे हैं। इन राजवंशों में जैनधर्म का इतना गहरा प्रभाव था कि आगे इनकी तीसरी पीढ़ी में इन्हीं के पौत्र ‘गुप्तिगुप्त’ ने कुमार अवस्था में ही विक्रम संवत् २६ में दैगम्बरी दीक्षा ग्रहण कर, आगे ये ही उत्तराधिकारी आचार्य के रूप में मूलसंघ के पट्ट-पद पर आचार्य पद पर प्रतिष्ठित हुए, जो कि जाति से परवार थे। जिनकी प्रसिद्धि आचार्य ‘गुप्तिगुप्त’ के नाम से थी तथा जिनका नामोल्लेख कहीं-कहीं अर्हद्बली नाम से, तो कहीं विशाखाचार्य के नाम से मिलता है।
शौरीपुर (बटेश्वर) तथा जयपुर की पहली और द्वितीय पट्टावली में इन्हीं ‘गुप्तिगुप्त’ को पवार राजपूत लिखा है। इसका अर्थ है कि परमार क्षत्रियों को ‘परवार’ भी कहा जाता था।शौरीपुर (बटेश्वर) तथा जयपुर की पहली और द्वितीय पट्टावली में इन्हीं ‘गुप्तिगुप्त’ को पवार राजपूत लिखा है। इसका अर्थ है कि परमार क्षत्रियों को ‘परवार’ भी कहा जाता था।”
पट्टावलियों से प्रमाणित होता है कि द्वितीय भद्रबाहु, जो विक्रम संवत् ४ में जब सभी अंग और पूर्वधारी आगमों की आचार्य-परम्परा समाप्त हुई, मात्र इन आगमों का आंशिक मात्र ज्ञान आचार्यों को शेष रह गया था, तब आगे जैनधर्म और आगम की परम्परा आगे चलाने हेतु इन्हें एक संगठन बनाने की आवश्यकता प्रतीत हुई।
द्वितीय ‘भद्रबाहु’ इस पट्ट के प्रथम पट्टाधीश हुए और इनके बाद इनके शिष्य ‘गुप्तिगुप्त’ ने उत्तराधिकारी आचार्य के रूप में मूलसंघ के द्वितीय पट्टाधीश पद को सुशोभित किया, जिनका परवार जाति के कुलभूषण होने का उल्लेख मिलता है।
शौरीपुर की पट्टावली में स्पष्ट लिखा है-
“विक्रम संवत् २६ में श्री ‘गुप्तिगुप्त’ भये, जाति के परमार विक्रमेय (विक्रमादित्य) के नाती (पोता), ताने सं० ५२ में पोदनापुर में सहस्र परवार थाये।”
(‘शौरीपुर एवं बटेश्वर’ नामक पुस्तक, लेखक-रामजीत जैन, एडवोकेट, ग्वालियर, पृ. ३१)
*परमार क्षत्रियों और परवारों का सम्बन्ध*
पं० फूलचन्द्र जी सिद्धान्तशास्त्री ने अनेक पट्टावलियों, शिलालेखों, मूर्ति-लेखों तथा अन्य इतिहासपरक ग्रन्थों के गहन अध्ययन के पश्चात् निष्कर्ष में यह निकला कि-“परवार जाति के पूर्वज परमार क्षत्रियों के वंशज हैं। इसी के प्रमार, परमार, पंवार, परवार, पुरवार, पोरवार, पोरवाड़, पोरवाल, पद्मावती पोरवाड़ या जाँगड़ा पोरवाल आदि विभिन्न प्रकार के नामान्तर हैं। ये भिन्न-भिन्न प्रदेशों में निवास करते हैं। बुन्देलखण्ड, महाराष्ट्र आदि प्रान्तों में पाये जाने वाले परमार क्षत्रिय आज भी ‘पंवार’ के नाम से भी अपना परिचय देते हैं। भले ही ये लोग अब अपने मूल धर्म को भूल गए हैं।
यहाँ परवार शब्द का स्पष्ट रूप में उल्लेख है। यह तथ्य है कि परमार क्षत्रियों के वंशज ही आधुनिक परवार हैं, जो भगवान् महावीर के पवित्र मूलसंघ परम्परा के अनुयायी हैं।
पूर्वोक्त ‘परवार जैन समाज का इतिहास’ नामक ग्रन्थ के द्वितीय खण्ड में अनेक पट्टावलियों, शिलालेखों, मूर्तिलेखों तथा अन्य इतिहास-परक ग्रन्थों के यथा उपलब्ध मूल प्रमाण प्रस्तुत किये गए हैं। जिज्ञासु विद्वान् पाठक वे सभी प्रमाण वहाँ देखकर विश्वस्त हो जावेंगे।
*गुजरात और मेवाड़ से मध्यप्रदेश की ओर प्रव्रजन*
कुछ शताब्दी पूर्व गुजरात, मेवाड़ तथा इनके आसपास के क्षेत्रों में किस प्रकार राज्यक्रांति, धर्मक्रांति, आतताईयों के आक्रमण, प्राकृतिक विपदाओं तथा विपरीत परिस्थितियों के कारण परवार जाति के लोगों को अपने दिगम्बर जैनधर्म एवं मूलसंघ की रक्षा के लिए अपना देश छोड़कर मध्यप्रदेश तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में आकर बसना पड़ा, इसका विस्तृत उल्लेख ‘परवार जैन समाज का इतिहास’ नामक ग्रन्थ में है।
यहाँ यह भी उल्लेख करना आवश्यक है कि जिस परमार क्षत्रिय समाज ने तत्कालीन गुजरात प्रदेश के अन्य धर्म-विशेष के कट्टर अनुयायी राजाओं के जबरन दबाव से, जिन्हें दिगम्बर जैनधर्म छोड़कर उनके दबाव में धर्म-विशेष को अपनाना पड़ा, उन्हें उन राज्यों से निष्कासित नहीं किया गया। वे सभी श्वेताम्बर तथा अन्यान्य धर्म-विशेष के अनुयायी हो गये, इसलिए आज भी उन श्वेताम्बर तथा अन्यान्य समाजों में भी परमार पाये जाते हैं।
जिन दिगम्बरों ने श्वेताम्बर या अन्य जैनेतर धर्म स्वीकार नहीं किया, दिगम्बर जैन मूलसंघ के विशेष अनुरागी और अनुयायी परवार जाति के उन लोगों को अपने धर्म की रक्षा हेतु गुजरात-मेवाड़ प्रान्त छोड़कर देशान्तर जाना पड़ा।
उस समय मालवा, उज्जैन, चंदेरी, सिरौंज, टीकमगढ़, पन्ना और छतरपुर आदि तथा इनके आसपास के क्षेत्रों में परमार/बुन्देला तथा अन्य क्षत्रिय वंशों का शासन था। उसी समय बुन्देलखण्ड के छतरपुर राज्य तथा चंदेरी और इसके आसपास के राज्यों के शासक बुंदेला, परमार क्षत्रिय थे, जो कि जैनधर्म से बहुत प्रभावित थे। इनके आसपास के सभी राज्य/रियासतें भी जैनधर्म का सम्मान करने वाली थीं और परवार जाति के लोग पहले से ही यहाँ बसे हुए थे। अतः इन क्षेत्रों में अपने धर्म एवं मूलसंघ की रक्षा के लिए गुजरात-मेवाड़ प्रान्त छोड़कर आये ये सभी परवारजन आसानी से इन क्षेत्रों में बसते चले गए।
यद्यपि वर्तमान में ये मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़,उ. प्र., नागपुर आदि देश के अनेक क्षेत्रों में निवास करते हैं, किन्तु ये सभी पूर्वोक्त क्षेत्रों की विपरीत परिस्थितियों के कारण अपने मूल निवास को छोड़कर इन स्थानों में आकर बसे हैं। अब तो व्यवसाय, नौकरी जैसे विभिन्न कारणों से सम्पूर्ण देश के विभिन्न क्षेत्रों और विदेशों में भी ये सभी निवास कर रहे हैं।
*परवार जाति के मूर (मूल)*
परवार जाति के प्रत्येक व्यक्ति के गोत्र के साथ मूर (‘मूल’) भी जुड़ा पाया जाता है। परवार जाति का कोई भी व्यक्ति ऐसा नहीं है, जिसका कोई न कोई गोत्र और मूर न हो। इसका यह अर्थ हुआ कि जो जिस ग्राम के पूर्व निवासी रहे, उसी ग्राम को वे अपना मूर (मूल) आज भी मानते हैं, भले ही वे इसका कारण आज न जानते हों, परन्तु उन्हें इस वास्तविकता को स्वीकार करना चाहिये।
‘मूर’ शब्द ‘मूल’ स्थान का वाचक है और मूल से तात्पर्य मूल निवास स्थान से है। जो व्यक्ति देशान्तर में निवास करता है, उसका परिचय लोग उसके मूल निवास स्थान से आज भी लेते हैं।
गुजरात प्रान्त में अनेक ग्राम इस प्रकार पाये जाते हैं, जिनसे यह मान्यता स्पष्ट होती है कि परवार जाति के ‘मूर’ उसी ग्राम के नाम पर भी हैं। जैसे-ईडर के निवासी ‘ईडरीमूर’, रखियाल ग्राम के निवासी ‘रखयामूर’, नारदपुरी से ‘नारद’, दुद्दो से ‘देदामूर’, लोटासन से ‘लोटामूर’, कठासा से ‘कठामूर’, पटवारा से ‘पटवामूर’, बहेरियारोड से ‘बहुरियामूर’ आदि। इस प्रकार ग्रामों और मूरों का परस्पर के सम्बन्ध का निर्णय स्पष्ट है।
छपरवार जाति में बारह गोत्र मान्य हैं और प्रत्येक गोत्र में बारह-बारह मूर हैं, फलतः कुल १४४ मूर हैं। इनके अलावा १४५वाँ मूर भी है, जिसका नाम ‘सिंहबाघ’ अथवा ‘सदाबदा’ कहा जाता है। यह अन्तिम गोत्र का मूर माना जाता है। कहा जाता है कि जिस व्यक्ति का परिवार देशान्तर चला गया हो अथवा कालान्तर में अपना मूर-गोत्र भूल गया हो और वह जातीय पंचों के सामने यह समस्या रखे, तो उसको अन्तिम गोत्र और तेरहवाँ मूर प्रदान कर दिया जाता था और इसी आधार पर विवाहादि कार्य पंच सम्पन्न करा देते थे।
*‘पोरपट्ट’ अन्वय और ‘प्राग्वाट’ अन्वय*
अपने देश के विभिन्न क्षेत्रों के प्राचीन मूर्तिलेखों, हस्तलिखित शास्त्रों के अन्त में पाई जाने वाली प्रशस्तियों, मानस्तम्भों तथा शिलापट्टों के लेखों एवं अन्यान्य प्रशस्तियों में “पोरपट्ट” अन्वय और प्राग्वाट अन्वय के उल्लेख आये हैं, जो कालान्तर में “परवार” नाम से प्रचलित हुए।
परवार जाति की ऐतिहासिकता तथा प्राचीनता ‘पौरपट्ट’ और ‘पुरवाट्’ एवं ‘प्राग्वाट्’ से सम्बद्ध रही है। पं० नाथूराम ‘प्रेमी’ के शब्दों में ‘पुरवाट्’, ‘प्राग्वाट्’ ये नाम परवार जाति के लिए प्रयुक्त किये जाते रहे हैं। मूर्तिलेखों में जो वि० सं० १०८९ से लेकर वि० सं० १७८९ तक के उपलब्ध होते हैं, उनमें परवार ज्ञाति के लिए ‘पौरपट्ट’ शब्द का प्रयोग मिलता है। प्राग्वाट और पौरपट्ट एक ही कहा गया है। उपलब्ध ऐतिहासिक अभिलेखों के आधार पर यह कहा जा सकता है कि अब तक “पोरपट” का बुन्देलखण्ड में सर्वप्राचीन उल्लेख प्रसिद्ध तीर्थ अहारजी के मूर्तिलेखों में मिला है।
*महाकवि वाग्भट और प्राग्वाट कुल*
ग्यारहवीं शताब्दी में नेमिनिर्वाणकाव्यम् के रचयिता महाकवि वाग्भट प्राग्वाट कुल के थे। इनके पिता का नाम छाहड़ था। इनका जन्म अतिच्छत्रपुर (अहिक्षेत्र) में हुआ था। इसका उल्लेख महाकवि ने अपने ग्रन्थ नेमिनिर्वाणकाव्य की प्रशस्ति में किया है-
“अतिच्छत्रपुरोत्पन्न प्रागवाट कुलशालिनः।
छाहड़स्य सुतश्चक्रे प्रबन्धं वागभटः कविः॥”
इसी तरह गिरनार पर्वत के नेमिनाथ मंदिर की संवत् १२८८ की प्रशस्ति में वास्तुपाल-तेजपाल के लिए “अणहिल्लपुर वास्तव्य-प्राग्वाटान्वय प्रसूत” लिखा है। अर्थात् अणहिलपुर के निवासी प्राग्वाट जाति के लिखा है।
दौलत सिंह लोढ़ा की पुस्तक-“प्राग्वाट इतिहास”, भाग-१ (प्रकाशक समिति, स्टेशन राणी, मारवाड़, सन् १९५३) के अध्ययन से स्पष्ट है कि प्राग्वाट अन्वय में राठौड़, परमार, चौहान आदि अनेक वंशों के क्षत्रिय जैनधर्म में दीक्षित हुए थे। परमार और सोलंकी क्षत्रियों से इस अन्वय का निकट से सम्बन्ध रहा ही है। इसलिये ऐसा लगता है कि क्षत्रियों में जो गोत्र प्रसिद्ध रहे हैं, कुछ शब्दभेद से ही वे ही गोत्र पौरपाट वंश में भी प्रचलित हो गये हैं; जैसे-चौहानों में कासिंद्रा गोत्र की एक शाखा रही है। मालूम पड़ता है कि उसी से पौरपाट अन्वय में कासिल्ल गोत्र प्रसिद्ध हुआ है।
इसी प्रकार बहुत से राठौड़ कासवगोत्री थे। इसलिये इस गोत्र के जिन राठौड़ बन्धुओं ने जैनधर्म के साथ पौरपाट अन्वय को स्वीकार किया, उनमें वासल्ल गोत्र प्रसिद्ध हुआ। इसी प्रकार परमारों में भी गोयल गोत्र प्रसिद्ध रहा है। इसलिये इस गोत्र के जिन परमारों ने इस अन्वय को स्वीकार किया, वे गोइल्ल गोत्री कहलाये। गोत्र संबंधी ये कुछ उदाहरण हैं। अन्य गोत्रों के सम्बन्ध में भी इसी न्याय से विचार कर लेना चाहिये।
तात्पर्य यह है कि यह स्थिति ऐसे कई अन्वयों की रही है। इसलिये उक्त गोत्रवाले जिन क्षत्रियों ने जैनधर्म को स्वीकार किया, प्रदेश-भेद आदि से वे अनेक अन्वयों में विभक्त होते गये। इनमें शब्द-भेद किये बिना या थोड़े-बहुत अन्तर से कई अन्वयों में उक्त गोत्र पाये जाते हैं।
*‘पौरपट्टान्वय’ के प्राचीन अभिलेख*
इसी तरह “पौरपट्टान्वय” शब्द का प्राचीन प्रयोग भी वि० सं० ६१० के साढोरा ग्राम (गुना, म. प्र.) स्थित मूर्ति-लेख में उपलब्ध होता है, जो इस प्रकार है-
“संवत् ६१० वर्षे माघ सुदि ११ मूलसंघे पौरपट्टान्वये पाट(ल)नपुर संघई।”
इसी प्रकार सोनागिर में भी पहाड़ से उतरते समय अन्तिम द्वार के पास एक कोठे में जो भग्न जिनबिम्ब विराजमान हैं, उनमें से एक जिनबिम्ब के पादपीठ पर यह लेख अंकित है-“संवत् ११०१ बकागोत्रे परवारज्ञातिय।”
इससे मालूम पड़ता है कि पौरपट्ट आदि के स्थान पर “परवार” यह नाम बारहवीं शताब्दी में चालू हो गया था। तथा इस लेख में दका मूल को दका गोत्र कहा गया है, जबकि दका यह मूल है, गोत्र नहीं। इसका गोत्र वासल्ल है।
विदिशा के बड़े मन्दिर से प्राप्त एक जिनबिम्ब के पादपीठ पर यह लेख अंकित है-“संवत् १५३४ वर्ष चैत्रमासे त्रयोदश्यां गुरुवासरे भट्टारक श्री महेन्द्रकीर्ति भद्दलपुरे श्री राजारामराज्ये महाजन ‘परवाल’ ०००० श्री जिनचन्द्रः।”
वस्तुतः विदिशा का पहले भेलसा नाम प्रसिद्ध था। उसे ही इस लेख में भद्दलपुर कहा गया है।
इसी प्रकार और भी अनेक शिलालेखीय प्रमाण ‘परवार जैन समाज का इतिहास’ नामक पुस्तक में संकलित हैं।
*परवार और क्षत्रिय*
आदिकाल से ही क्षत्रियों का जैनधर्म से अतिनिकट का सम्बन्ध रहा है। जैनधर्म के चौबीसों तीर्थङ्कर क्षत्रिय रहे हैं। इसलिये अनेक तत्कालीन राजा-महाराजाओं का यह परम्परागत धर्म रहा है। साथ ही उनका समय-समय पर जैनधर्म में दीक्षित होना स्वाभाविक रहा है। इसलिये जिन क्षत्रियों ने अहिंसा प्रधान इस धर्म को स्वीकार किया, उनका जैनधर्मानुयायी होना भी स्वाभाविक था।जयपुर के हस्तलिखित शास्त्र भण्डार की “पुण्यास्रव” नामक शास्त्र की प्रशस्ति इस प्रकार है-
“संवत् १४७३ वर्षे कार्तिक सुदी ५ गुरुदिने श्रीमूलसंघे सरस्वती-गच्छे नन्दिसंघे कुन्दकुन्दाचार्यान्वये भट्टारक श्रीपद्मनन्दिदेवास्तच्छिष्य मुनि श्री देवेन्द्रकीर्ति देवाः। तेन निजज्ञानावर्णी कर्मक्षयार्थं लिखापितं शुभं। श्रीमूलसंघे भट्टारक श्री त्रिभुवनकीर्ति तत्पट्टे भट्टारकश्रीज्ञानभूषणपठनार्थ नाहडीवास्तव्य/परवाड़ज्ञातीय, सा० काकल, भाइ-पुण्य श्री सुत श्री० नेमिदास ठाकुर एतैः इदं पुस्तकं दत्तं।”यह एक ऐतिहासिक प्रशस्ति-लेख है। इसमें पहले गांधार, रांदेर और सूरत पट्ट के प्रथम भट्टारक देवेन्द्रकीर्ति का नाम आया है। दूसरे, इसमें ईडर पट्ट के दो भट्टारकों का उल्लेख किया गया है। इसलिये यह निश्चित है कि “नरहडी” नगर गुजरात में होना चाहिये, क्योंकि इस प्रशस्ति-लेख का सम्बन्ध गुजरात प्रदेश से ही आता है।
दूसरी बात, जो इस लेख से ज्ञात होती है कि इस जिन-बिम्ब के प्रतिष्ठाकारक सा० काकल परवार (पोरपाट) ज्ञातीय थे। दूसरे, इन्हें जो “ठाकुर” कहा गया है, इससे इस अन्वय का विकास प्रधान रूप से क्षत्रिय वंश से हुआ है, यह निश्चित है।
वस्तुतः परवार, अग्रवाल, माहेश्वरी, जैसवाल, खण्डेलवाल और ओसवालों का उद्भव क्षत्रियों से हुआ है। ‘पद्मावती पोरवाल’ परवार जाति की ही एक शाखा मानी गई है, जिसका उल्लेख पं० बलतराम ने ‘बुद्धि विलास’ ग्रन्थ में श्रावकोत्पत्ति प्रकरण में किया है।
भले ही अहिंसक होने और वाणिज्य-व्यापार करने के कारण इनको वैश्य माना जाता है, किन्तु आज भी इनके रक्त में स्वाभिमान एवं क्षत्रियत्व झलकता है। पं. नाथूराम प्रेमी जी की इस मान्यता में बल मालूम होता है कि अब वैश्य मानी जाने वाली अनेक जातियों का मूल संबंध गुजरात-राजस्थान से है। खण्डेलवाल और ओसवालों में तो अनेक लोगों के नाम के साथ “सिंह” शब्द आज भी लिखा हुआ देखा जाता है।
*‘पौरपट्ट’ और ‘परवार’ की समानता*
वस्तुतः ‘पौरपट्ट’ परवार ही है, इसका सबल प्रमाण हमें विद्वान् कवि ब्रह्मगुलाल (१७वीं शताब्दी) की रचना में इस प्रकार उपलब्ध होता है-
“जहाँ पौरपट्ट सुखदाई,
परवार वंश सोई आई।
बहुरिया मूर तहाँ साई,
धनि मथुरामल्ल पिताई॥
जगत्कीर्ति पद उधरन,
त्रिभुवनकीर्ति मुनिराई।
नरेन्द्रकीर्ति तिस पट्ट भये,
गुलाल ब्रह्म गुन गाई॥”
(वि० सं० १७४० में रचित भट्टारक नरेन्द्रकीर्ति के पट्टाभिषेक से उद्धृत)
वास्तव में प्राग्वाट-पौरपट्ट से विकसित होकर पोरवाड़, पौरवाड़, परवाड़, परवाल, परवार का विकास हुआ है। प्राग्वाट और पौरपट्ट के अतिरिक्त परवार ज्ञाति के लिए जिन शब्दों का भी प्रयोग मिलता है, वे इस प्रकार हैं-पौरपाट, परपाट, परवाड़, अष्टशाखा, अठसखा, अठसका, परवार इत्यादि। ऐसे कई मूर्तिलेख उपलब्ध होते हैं, जिनमें “पौरपट्ट” के साथ “अष्टशाखान्वये” का भी उल्लेख है। “भट्टारक सम्प्रदाय” नामक ग्रंथ में प्रकाशित पट्टावली में “अष्टशाखा प्राग्वाटवंशावतंसानां, श्रीविद्यानंदी-परमाराध्य स्वामि-भट्टारकाणाम्” के उल्लेख से भी यही सूचित होता है कि अठसखा परवार में ही होते हैं। इस उल्लेख से इस मान्यता को भी यह बल मिलता है कि भट्टारक देवेन्द्रकीर्ति भी परवार जाति के रहे हैं और उन्हीं के प्रभाव से भट्टारक विद्यानन्दि उनके द्वारा दीक्षित हुए होंगे। ये आप्तपरीक्षा आदि ग्रन्थों के कर्ता आचार्य विद्यानन्दि से भिन्न हैं।
*परवार अन्वय*
यद्यपि परवारान्वय मूल में एक है और उसके ये सात भेद हैं, परन्तु ८४ जातियों की गणना में इन्हें स्वतन्त्र मान लिया गया है। पर यह जाति की दृष्टि से एक ही जाति थी।“परवार बन्धु” पत्रिका (मार्च १९४०) में बाबू ठाकुरदास जी (टीकमगढ़) ने कतिपय मूर्तिलेख प्रमाण रूप में उपस्थित किये थे। उनमें एक लेख में परवार अन्वय को परपट लिखा है-
“परपटान्वये शुद्धे साधुनाम्ना महेश्वरः।”यह लेख लगभग ११वीं-१२वीं शताब्दी का है।
शाह वखतराम द्वारा लिखित “बुद्धि बिलास” ग्रन्थ के पृष्ठ ८६ पर “खाँप वर्णन” शीर्षक के अन्तर्गत कविता में ७४ जातियों के नाम गिनाये गये हैं। उनमें “पौरपाट” (परवार) जाति का उल्लेख करते हुये लिखा है-
“सात खांप पुरवार कहाये,
तिनके तुमको नाम सुनाये॥३७६॥”
इस प्रसङ्ग से परवार अन्वय को ‘पुरवार’ भी कहा गया है। इससे वह भी निश्चित होता है कि “परवार” अन्वय का विकास प्राग्वाट या पोरवाड़ अन्वय से हुआ है। इस अन्वय के लिये १२वीं शताब्दी से “परवार” नाम का भी उल्लेख होने लगा था।
सोलहवीं शताब्दी के एक मूर्तिलेख में जांगडा पोरवाड ज्ञातीय का अवश्य उल्लेख मिलता है।
*प्राग्वाट और मेवाड़*
जबलपुर के निकट स्थित करनबेल के एक शिलालेख में गुहिलवंशी राजा हंसना आदि का वर्णन आया है, जिसमें उनको ‘प्राग्वाट’ का राजा कहा है। अतएव ‘प्राग्वाट’ मेवाड़ का ही दूसरा नाम होना चाहिए। संस्कृत शिलालेखों तथा पुस्तकों में ‘पोरवाड़’ महाजनों के लिए ‘प्राग्वाट’ नाम का प्रयोग मिलता है और वे लोग अपना निकास मेवाड़ के ‘पुर’ नामक कस्बे से बतलाते हैं, जिससे सम्भव है कि प्राग्वाट देश के नाम पर वे अपने को प्राग्वाटवंशी कहते रहे हों।
‘परवार’ शब्द में जो ‘वार’ प्रत्यय है, वह ‘वाट’ या ‘पाट’ शब्द से बना है, जिसका प्रचलित अर्थ होता है ‘रहने वाले’। इस तरह ‘पौरपाट’ शब्द का अर्थ ‘पौर के रहने वाले’ होता है। इसी पुर नाम से ‘पौर’ बन गया है और परवार और पोरवाड़ लोग मूल में इसी ‘पुर’ के रहने वाले थे। ‘पौरपाट’ का अर्थ ‘पुर की तरफ के’ भी लिया जा सकता है। ‘पुर’ गाँव अब भी मेवाड़ में भीलवाड़े के पास एक कस्बा है, जो किसी समय बड़ा नगर था।
इसी तरह मालूम होता है ‘पुर’ से भी ‘पौर’ बनाकर उसमें ‘बाट’ या ‘पाट’ लगा लिया गया, जबकि ‘पुर’ के आगे ‘वाट’ या ‘पाट’ लगा देने से भी काम चल सकता था।
इस प्रकार मूर्तिलेखों में और शास्त्रलेखों में “पौरपाट” अथवा “पौरपट्ट” के स्थान पर इस अन्वय को पुरवार, परवार, परवाल, परवाड़ और परपट आदि अनेक नामों का प्रयोग दिखाई देता है। परवार अन्वय के लिये यद्यपि अनेक नामों का उल्लेख हुआ है, परन्तु उन सबका आशय एकमात्र “पौरपाट” अन्वय से ही रहा है।
वस्तुतः पौरपट्ट या परवार जाति का १६वीं-१७वीं शताब्दी तक बराबर गुजरात, मेवाड़ से सम्पर्क बना रहा है। परवार जाति के लोगों का रूप-रंग, रहन-सहन, स्वाभिमान आदि गुणों से बराबर उनका मेल खाता है। परवार जाति में १२ (बारह) गोत्र जिस प्रकार के पाये जाते हैं, उसी से मिलते-जुलते जुझोतिया ब्राह्मण, अग्रवाल, गहोई व अन्य वैश्यों में पाए जाते हैं।
*बुन्देलखण्ड में भट्टारक परम्परा*
भट्टारक परम्परा बुन्देलखण्ड मध्यप्रान्त में भट्टारक देवेन्द्रकीर्ति जी तथा उनके शिष्य भ० श्री विद्यानंदी जी से आई, जिसके आधार पर चंदेरी और सिरौंज में परवारपट्ट स्थापित हुए। यहाँ भट्टारक निर्वस्त्र भी रहते थे। गुरु-शिष्य परंपरा में दो-तीन पीढ़ी तक यह व्यवस्था चली, बाद में एक-दो फिर पूरे वस्त्र धारण करने लगे।
चौदहवीं शताब्दी तथा उसके पूर्व भी समाज में मूर्ति-वेदी-प्रतिष्ठा आदि धार्मिक समारोह कराने का कार्य भी संभवतः भट्टारक ही कराते थे। ये ही प्रतिष्ठाचार्य थे।
बुन्देलखण्ड और मध्यप्रान्त में संवत् १२०९-१२१० और १२५२ में जो प्रतिष्ठायें हुईं, उनमें पौरपट्टान्वय का उल्लेख प्रतिष्ठा कराने वाले श्रावक के लिए आता है, परन्तु भट्टारक का नाम उन तीनों संवतों के प्रतिमालेखों में नहीं है। इसके बाद विक्रम सं० १४९५ से १५२७ तक की जो प्रतिष्ठाएँ बुन्देलखण्ड में हुईं, उनमें भट्टारक विद्यानंदी जी का नाम प्रतिष्ठाकार के रूप में आता है।
अन्य प्रतिमाओं के लेखों से यह सुप्रसिद्ध है कि मध्यप्रान्त के गोलापूर्व और गोलालारे श्रावकों द्वारा भी जो प्रतिष्ठायें हुई हैं, वे भी उनके द्वारा कराई गई हैं। गुजरात के हुंवड़ वंश के श्रावकों के पुण्यार्जन द्वारा हुईं बहुत सी प्रतिष्ठाएँ इन्हीं भट्टारक विद्यानंदी जी द्वारा सम्पन्न कराई गयी हैं।
वस्तुतः परवार जाति का मूलस्थान गुजरात और मेवाड़ था, अतः पद्मनन्दी भट्टारक (जो १३८५ में आचार्य प्रभाचन्द्र जी के पट्ट पर बैठे) द्वारा भी मध्यप्रांत में अनेक प्रतिष्ठाएँ हुईं। भ० विद्यानन्दी स्वयं परवार थे, अतः चंदेरी और सिरौंज का पट्ट ‘परवार पट्ट’ कहलाता था।
चंदेरी पट्ट पर पौरपट्टान्वय के भट्टारकों की जो परम्परा चली, उसमें-
१. देवेन्द्रकीर्ति
२. त्रिभुवनकीर्ति
३. सहस्रकीर्ति
४. पद्मनंदी
५. यशःकीर्ति
६. ललितकीर्ति
७. धर्मकीर्ति
८. पद्मकीर्ति
९. सकलकीर्ति
१०. सुरेन्द्रकीर्ति
-ये क्रमशः नाम पाए जाते हैं।
श्री सिद्ध क्षेत्र कुण्डलपुर (दमोह, म. प्र.) संवत् १७५७ के शिलालेख में भी भट्टारक यशःकीर्ति से दशवें भट्टारक सुरेन्द्रकीर्ति तक के नाम इसी क्रम से हैं। इन्हीं सुरेन्द्रकीर्ति के शिष्य चन्द्रकीर्ति ने बड़े बाबा के मंदिर का जीर्णोद्धार कराया था। किन्तु इन भट्टारक के देवलोकगमन के बाद इनके शिष्य नमिसागर ब्रह्मचारी जी ने वि.सं. १७५७ में इस कार्य को पूरा किया।
बुन्देलखण्ड की यह एक विशेषता सदा से रही है कि भले ही यहाँ भी यह भट्टारक परम्परा रही हो, किन्तु पौरपट्टान्वय के ये भट्टारक यहाँ प्रचलित शुद्धाम्नाय की परम्परा पर ही दृढ़ रहे। सभी प्रतिष्ठाएँ मूल आम्नाय के अनुसार ही सम्पन्न कराने की परम्परा कायम रखी। इसीलिए यहाँ के मूर्तिलेखों में प्रायः “मूल आम्नाये शुद्धे” ऐसा उल्लेख मिलता है।
*तारणपंथ और परवार*
कटनी (म० प्र०) के समीप प्राचीन पुष्पावती नामक नगरी थी, जिसे आजकल बिलहरी कहते हैं। यहाँ मूलसंघ (परवार जाति) के अनुयायी गढ़ासाव नामक सुप्रसिद्ध व्यक्ति रहते थे, जिनका गोत्र गोहिल्ल था। विक्रम सं० १५९५ में उनके पुत्र तारणस्वामी हुए।जिन्होंने आगे चलकर तत्कालीन परिस्थितियों को देखते हुए, जब मुगलकाल में मंदिरों-मूर्तियों को तोड़ा जा रहा था, तब उन्होंने मूर्तिपूजा के स्थान पर शास्त्रपूजा का विधान उस समय किया। उनका यह पंथ, तारणपंथ नाम से प्रसिद्ध हुआ।आरम्भ से ही अधिकांश परवार जाति के समाजजन तारणपंथ से मुख्यतः जुड़े हुए रहे हैं। दिगम्बर जैन समैया समाज नाम से इस तारणपंथ की अनुयायी समाज बुन्देलखण्ड के कई क्षेत्रों में विद्यमान है, मूलतः इनमें परवारों की ही अधिकता है ।
इसी प्रकार “गहोई” (गृहपति = गहवइ = गहोई), तथा “चरनागरे” इन नामों से प्रसिद्ध वैश्य जैनों एवं अग्रवालों के अधिकतर गोत्र परवार जैनों के समान ही हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि कभी ये सभी एक समान रहे हैं। समय और परिस्थितियों के प्रभाव से कुछ जातियाँ अलग-अलग तो हुए ही, साथ ही कई को अपना धर्म भी परिवर्तन करना पड़ा।
*परवार जाति की व्यापकता और वैशिष्ट्य*
इस प्रकार जैन परम्परा में “परवार” एक बहुत ही व्यापक और प्राचीन जाति है। भले ही अहिंसक होने और वाणिज्य-व्यापार करने के कारण पूर्वोक्त वर्णित सभी क्षत्रिय जातियों को वैश्य मान लिया जाता है, किन्तु आज भी इनके रक्त में स्वाभिमान एवं क्षत्रियत्व(ठकरास)झलकता है।
उपसंहार-
इस प्रकार उपलब्ध शिलालेखों, मूर्तिलेखों, पट्टावलियों, प्रशस्तियों तथा साहित्यिक प्रमाणों के अध्ययन से परवार जैन जाति की प्राचीनता, उसकी धार्मिक निष्ठा और सामाजिक परम्परा का परिचय प्राप्त होता है। परमार क्षत्रियों से सम्बन्ध, मूलसंघ के प्रति अनुराग, गुजरात और मेवाड़ से बुन्देलखण्ड तथा मध्यप्रदेश की ओर प्रव्रजन और विभिन्न परिस्थितियों में अपनी धर्म-परम्परा की रक्षा करना इसके इतिहास की महत्त्वपूर्ण विशेषताएँ रही हैं। समय के परिवर्तन के साथ सामाजिक परिस्थितियाँ बदलती रहीं, किन्तु परवार समाज ने अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परम्पराओं को यथासम्भव सुरक्षित रखा। अतः अपने गौरवशाली अतीत को जानना और उसके प्रमाणों का संरक्षण करना वर्तमान पीढ़ी का भी महत्त्वपूर्ण दायित्व है।
इस तरह परवार जैन जाति के गौरवशाली इतिहास के लेखन हेतु अनेक वर्षों से कई विद्वानों ने काफी श्रमसाध्य और सार्थक प्रयास किये, किन्तु अभी भी उन्हें सम्पूर्ण नहीं कहा जा सकता है। वैसे भी इतिहास कभी सम्पूर्णता को प्राप्त नहीं हो पाता है। उसमें अनेक सम्भावनायें सदा बनी ही रहती हैं।
***********
Comments
Post a Comment