Skip to main content

अनेकांत और स्याद्वाद के व्यावहारिक सूत्र

अनेकांत और स्याद्वाद के व्यावहारिक सूत्र 

प्रो फूलचंद जैन प्रेमी 
   
जैन दर्शन ने तत्त्वज्ञान के सम्बन्ध में उदारता से काम लेते हुए वस्तु को विभिन्न दृष्टिकोणों से देखने और विचार करने के लिए प्रेरित किया और निष्पक्ष होकर वस्तु का पूर्णज्ञान प्राप्त करने का अवसर प्रदानकर धार्मिक,राजनैतिक तथा सम्प्रदायवाद आदि विविध क्षेत्रों के विवादों से उत्पन्न संघर्षों को दूरकर सामाजिक एवं राष्ट्रीय एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य किया है।
   जिस तरह जैनधर्म ने विश्वकल्याण के लिए अहिंसा सिद्धान्त को महत्वपूर्ण बतलाया है, उसी तरह विभिन्न राष्ट्रीय,अंतर्राष्ट्रीय,धार्मिक,दार्शनिक, सामाजिक, राजनैतिक,पारिवारिक तथा अन्य मत-मतान्तरों के पारस्परिक वाद-विवादों को दूर करने के लिए उसने अनेकान्तवाद और स्याद्वाद जैसे अनुपम सिद्धान्तों का प्रतिपादन किया है। 
जीवन व्यवहार की समता तथा अहिंसा की साधना में अनेकान्त का महत्त्वपूर्ण स्थान है। यह तीर्थंकर महावीर  ने अनेकांत के रूप में एक नूतन  और मौलिक दृष्टि प्रदान की  है।
    अनेकान्त को 'अनेक' और 'अंत'–इन दो शब्दों के मेल से समझाया गया है। एक वस्तु में अनेक  अन्त अर्थात् धर्म या गुण विद्यमान हैं। परन्तु इन सभी का सम्पूर्ण रूप से एक साथ कथन संभव नहीं है। इन्हें क्रमशः ही कहा जा सकता है।क्योंकि शब्दों  या वचनों द्वारा कथन की  एक सीमा होती है। इसीलिए एक बार में सम्पूर्ण सत्य सामने न आकर सत्यांश ही सामने आता है। 
        अत: किसी के एक पक्ष को सत्य बतलाकर और दूसरे पक्ष को झूठा या मिथ्या कहकर दूसरों के विचारों का अनादर नहीं करना चाहिए । ताकि हमारा आपसी संबंधों में सौहार्द भाव बना रहे। 

वस्तुत: विचारशुद्धि और सत्यता के लिए यह आवश्यक है कि वस्तु की अनन्तधर्मता और अपनी संकुचित शक्ति का भान  अर्थात् ज्ञान हमें रहे। क्योंकि हम मात्र अपने ही विचार, दृष्टिकोण या अभिप्राय को पूर्णतया सत्य मानने का दावा या दम्भ नहीं कर सकते। इसीलिए अनेकान्त दर्शन ही विचार शुद्धि का वास्तविक आधार है, इसी की मंगलमय ज्योति में हम ज्ञान के अहंकार और उस अहंकार से उत्पन्न होने वाली बुराईयों और विनाशकारी प्रवृत्तियों के त्याग से सामाजिक, पारिवारिक, राजनैतिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता सुरक्षित रखने में सक्षम हो सकते हैं।

        तीर्थंकर महावीर के युग में भी तीन सौ तिरेसठ मत प्रचलित थे। आज की तरह वे  सभी अपने-अपने वचनों, कथनों और मतों को ही सही तथा दूसरों को मिथ्या कहकर परस्पर विवाद और कलहपूर्ण वातावरण बनाने में  संलग्न  थे।तीर्थंकर महावीर ने अनेकान्त दृष्टि की दिव्य देशना देकर चिन्तन की एक सुव्यवस्थित एवं स्वस्थ परम्परा का सूत्रपात्र किया और  वस्तुतत्त्व की पूर्णता को जानने की  नई दृष्टि प्रदान की। क्योंकि प्रत्येक वस्तु अर्थात् द्रव्य में अनन्त धर्म और पर्यायें होती हैं, उन्हें देखने के लिए उतने ही दृष्टिकोण चाहिए।

     आग्रह वश किसी एक ही दृष्टि से वस्तु के सत्य को देखने का अर्थ है-मात्र अपने स्वीकृत सिद्धान्त का समर्थन और दूसरों की स्वीकृतियों का खण्डन।इसी तरह के दुराग्रह ही वैचारिक हिंसा को जन्म देते हैं। 
  अनेकान्तवाद ने वैचारिक क्षेत्रों में फैली हिंसा को रोकने का काम किया है। ऐसा राष्ट्रीय एकता और अखण्डता की दृष्टि से सदा आवश्यक भी रहा है।एक राष्ट्र दूसरे राष्ट्र की ही नहीं, अपितु पड़ोसी राष्ट्रों में और सामाजिक जीवन में परस्पर वैर, ईर्ष्या और एक-दूसरे के विनाश की कामनाएं, परस्पर अविश्वास, आग्रह और असम्मान की भावनाएं व्याप्त रहतीं  हैं।   
    इनका समाधान भी हम अनेकान्तवाद की उस भावनाओं में ढूँढ़ सकते हैं, जिसमें एक-दूसरे की भावनाओं, दृष्टिकोणों और मतों को सापेक्ष दृष्टि से समझने और उनकी कद्र (आदर) करने की बात कही गयी है।

इसके लिए अपनी बात के लिए आग्रह पूर्वक ऐसा "ही" है ,जो हम देख- समझ रहे हैं या कह रहे है, वही सही है, अन्य सब गलत हैं। इन्हें हम नहीं मानेंगे– इस तरह के दुराग्रहों से बचने के लिए ही के स्थान पर"भी" के प्रयोग की अपनी विशेष सार्थकता है।क्योंकि संभावना की दृष्टि से दूसरों की बात को भी हम आदर दें, यही अनेकांत दर्शन की शैली है। इसमें सर्वधर्म समभाव, सौहार्द और समन्वय जैसे वसुधैव कुटुंबकम् के  मूलमंत्र की भावना सार्थक होती है। 
इस तरह यह अनेकान्तवाद हमें आग्रह मुक्त वह चिन्तन दृष्टि प्रदान करता है कि सत्य न तो मेरा होता है, न पराया ही । वह सबका है और सर्वत्र हो सकता है। अनेकान्त दृष्टि के अनुसार 'जो मेरा कथन है, वही सत्य है- 'यह धारणा मिथ्या होने से विवादों को जन्म देती है, जबकि जो सत्य है, वह हमारा भी है- ऐसा कथन यथार्थ होने से यह परस्पर सद्भावना स्थापित करता है।

इस तरह जो व्यक्ति किसी भी वस्तु के एक ही अंश, धर्म अथवा गुण, स्वभाव को देखकर उसे एक ही स्वरूप मानता है, दूसरे स्वरूप को स्वीकार नहीं करता, उस व्यक्ति की एकान्त धारणा मानी जाती है। पर जब वही व्यक्ति अपनी दृष्टि को उदार बना लेता है और दूसरे पक्ष का भी अवलोकन करने लगता है तो उसकी दृष्टि अनेकान्तात्मक हो जाती है। इसी प्रकार अनेक धर्मात्मक वस्तु के स्वरूप का निर्णय भी सापेक्षिक दृष्टियों द्वारा ही सम्भव है।इसी तरह वस्तु में द्रव्यदृष्टि से नित्यत्व  और पर्यायदृष्टि से अनित्यत्व आदि अनेक विरोधी धर्मयुगल रहते हैं। 


इसीलिए अनेकान्तवाद में आग्रह, दुराग्रह, स्वार्थ या विवाद का कोई स्थान है ही नहीं। लड़ाई चाहे व्यक्ति-व्यक्ति के बीच हो या परस्पर दो या अधिक राष्ट्रों के बीच की हो, इसके मूल में उसका अहंकार ही कार्य करता है। इसी ‘अहं' से आग्रह बुद्धि उत्पन्न होती है। इन्हीं आग्रहों या एकान्तों से राग-द्वेष, कलह और साम्प्रदायिक उन्माद उत्पन्न होते हैं, जो किसी भी व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के लिए कलंक ही नहीं, अपितु घोर दुःखदायी ही है। अत: इस 'अहं' का विसर्जन अनेकान्तवाद की प्रथम एवं श्रेष्ठ जीत हो सकती है।

इस प्रकार सर्वथा एकान्त रूप आग्रह का त्याग कर अनेकान्त को स्वीकार करके ही वस्तु का कथन किया जा सकता है।क्योंकि वस्तु अनेक विरोधी धर्मों का समूह रूप है।
  इन अनेक धर्मों का निरूपण एक साथ- सम्भव नहीं है, अतः अनेक धर्मों को एक साथ जाना तो जा सकता है, किन्तु एक शब्द एक समय में अनेक धर्मों अर्थात् गुणों का कथन नहीं कर सकता है। शब्द की शक्ति वस्तु के एक ही धर्म-गुण के व्याख्यान तक सीमित है।
   वस्तुतः शब्द की प्रवृत्ति भी वक्ता के अधीन है। वस्तु केअनेक धर्मों में से वक्ता किसी एक धर्म का मुख्यता से व्यवहार करता है। क्योंकि वस्तु में अनेकधर्मता विद्यमान है। वक्ता जिस धर्म का कथन  करता है, उस धर्म का वह किसी दृष्टिविशेष से प्रतिपादन कर देता है। एक ही दृष्टि से प्रत्येक वस्तु विवेच्य नहीं हो सकती है।
    
जैसे किसी व्यक्ति विशेष को कोई एक ही समय में उसका पिता भी बुलाता है और पुत्र भी। पिता उसे पुत्र कहकर और पुत्र उसे पिता कहकर बुलाता है।  यहाँ वह व्यक्ति न केवल पिता ही है, न केवल पुत्र ही, किन्तु वह पिता भी है और पुत्र भी है । 
  अतएव पिता की दृष्टि से उस व्यक्ति का पुत्रत्व धर्म मुख्य है और शेष धर्म गौण हैं और पुत्र की दृष्टि से उस व्यक्ति  में पितृत्व धर्म मुख्य है और शेष धर्म गौण हैं। क्योंकि अनेक धर्मात्मक वस्तु में से जिस धर्म या गुण के कथन की विवक्षा या अपेक्षा अर्थात् जरूरत होती है, उस धर्म या गुण का कथन मुख्य कहलाता है और उसके इतर अर्थात् अन्य धर्म या गुण गौण रहते हैं। इसीलिए वस्तु अनेकान्तात्मक है या अनन्तसहभावी गुणों और अनन्तक्रमभावी पर्यायों का समूह है। 
     वस्तुतःअनेकान्तवाद ने उत्पन्न संघर्षों को दूरकर सामाजिक एवं राष्ट्रीय एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य किया।इसीलिए इसकी महत्ता को समझते हुए
पुरुषार्थसिद्धयुपाय ग्रंथ में आचार्य अमृत चंद्र ने कहा है–
परमागमस्य बीजं,
निषिद्धजात्यन्धसिन्धुरविधानम् । 
सकलनयविलसिताना,
विरोधमथनं नमाम्यनेकान्तम् ।।
नेत्र के समान जो त्रिलोकवर्ती पदार्थों को जानने वाला है, समस्त नयाँ एक ज्ञानों) के पारस्परिक विरोध को दूर करने वाला है, ऐसे अनेकान्तवाद  को मैं नमस्कार करता हूँ।     
स्याद्वाद–अनेकान्तवाद की कथन पद्धति :
       अनेकान्तमयी उदार और निष्पक्ष दृष्टिकोण द्वारा वस्तु तत्त्व को आग्रहविहीन वाणी द्वारा प्रकट करने की प्रणाली को जैनदर्शन में स्याद्वाद कहा गया है।
  वास्तविकता तो यह है कि जब पदार्थों में अनेक धर्मों का अस्तित्व विद्यमान है तो उसका निषेध कैसे किया जा सकता है? अनेकान्तदर्शन इसी सद्भूत मान्यता पर आधारित है। उस अनेकान्त को व्यक्त करने की विधि का नाम स्याद्वाद है।यह विचारों की प्रांजलता, दर्शन की व्यापकता तथा सहिष्णुता को प्रसारित कर समन्वय मार्ग को प्रशस्त करता है। 

स्याद्वाद सिद्धांत में  स्यात् विधिपरक अव्यय है। स्यात् जिसका अर्थ कथंचित् (किसी एक अपेक्षा या दृष्टिकोण से) होता है, इन अनेक धर्मों की अभिव्यक्ति में साहाय्यकारी होता है।
        एकवाक्यता में जब वस्तु के अनेक धर्मों का कथन नहीं किया जा सकता, तब उनके निर्वचन व्यवहार को अबाधित करने के लिए स्यात् पद की योजना सहायक सिद्ध होती है। जैसे— यह मणि है, प्रकाशमान है, शुक्लवर्ण, बहुमूल्य है आदि । मणिगत इन स्वधर्मों को भी युगपत् (एक साथ ) कहना शक्य नहीं। 
     इस तरह वस्तु मूलतः अनन्तधर्मात्मक है। उसमें विभिन्न दृष्टियों से विभिन्न विवक्षाओं से अनन्त धर्म हैं। जैसे स्यादस्ति घटःमें -घट(घड़ा)है ही,अपने द्रव्य क्षेत्र काल भाव की मर्यादा से। जिस प्रकार घट में स्वचतुष्टय की अपेक्षा अस्तित्व धर्म है, उसी तरह घटव्यतिरिक्त अन्य पदार्थों का नास्तित्व भी घट में है। क्योंकि प्रत्येक धर्म (वस्तु के गुण) का विरोधी धर्म भी दृष्टिभेद से वस्तु में सम्भव है l यदि  घड़े से भिन्न पदार्थों का नास्तित्व घड़े में न पाया जाय तो घड़ा  और अन्य पदार्थ मिलकर एक हो जाएँगे । अतः घट स्यादस्ति और स्यान्नास्ति रूप है।
     जैसे स्यात् यह मनुष्य काला है। इस पद में स्यात् पद होने से मनुष्य शरीर के और विभिन्न गुण (जैसे रक्त लाल है, हड्डी सफेद है) वक्ता के विवक्षित विषय न होने से गौण हो जाते हैं और विवक्षित (अभी कहा जाने वाला) काला रंग मुख्य हो जाता है । इस प्रकार स्यात् पद सुनिश्चित वाचक है और अपेक्षा को लिये हुए है, संशयवाचक नहीं है।   
        वस्तुतः बोलते समय वक्ता को सदा यह ध्यान रहना चाहिए कि वह जो बोल रहा है, उतनी ही वस्तु नहीं है किन्तु बहुत बड़ी है, उसके पूर्णरूप तक शब्द नहीं पहुँच सकते। इसी भाव को जताने के लिए वक्ता स्यात् शब्द का प्रयोग करता है। स्यात् शब्द अपने वक्तव्य को निश्चित रूप में उपस्थित करता है, न कि संशय रूप में ।     
      
अनेकान्त दृष्टिमान यह विचारता है कि किसी वस्तु या पदार्थ में एक मात्र वही गुणधर्म नहीं है, जिसे मैं जानता और मानता हूँ ,अपितु दूसरा व्यक्ति उसमें जिस अन्य  दूसरे गुण की विद्यमानता (मौजूदगी) बता रहा है, वह भी उसमें है।    
   
  भिन्न-भिन्न दृष्टिकोण (पॉइन्ट आफ व्यू) से पदार्थों को जानकर कुछ मत-मतान्तर अपने एकांगी ज्ञान को ही आग्रह पूर्वक पूर्ण सत्य मानकर दूसरे मत के सिद्धान्त को असत्य बतलाते हुए परस्पर वाद-विवाद करते हैं। और वे एकान्त हठ पकड़कर दूसरे को मिथ्या  और मात्र अपने को सत्य समझने की भूल कर बैठते हैं।   

इसीलिए जैनदर्शन ने अनेकान्त और स्याद्वाद सिद्धान्त के फलितार्थ सिद्धान्त के रूप में सर्वोदय की भावना को प्रसारित करने पर बल दिया। मात्र मनुष्य के ही नहीं, अपितु संसार के सम्पूर्ण प्राणि जगत के अभ्युदय का नाम ही सर्वोदय है।इसी कारण तीर्थंकर महावीर के धर्मतीर्थ को भी सर्वोदय तीर्थ नाम से अभिहित भी किया गया है। क्योंकि
सर्वोदय का यह सूर्य किसी एक के घर को नहीं, अपितु सभी के घरों को निष्पक्षभाव से प्रकाश देता है। जरूरत है अपने घर रूपी मन के दरवाजे, खिड़कियाँ खुली रखें। 

   जहां अनेकांत दर्शन चित्त में समता, मध्यस्थभाव, वीतरागता, निष्पक्षता का उदय करता है, वहां स्याद्वाद वाणी में निर्दोषता आने का पूरा अवसर देता है!
       अनेकान्त दर्शन से मनुष्य में सद्विचार का आविर्भाव होता है और पूर्वाग्रह अथवा एकान्त हठवाद का अन्त हो जाता है।   
जहां अनेकांत दर्शन चित्त में समता, मध्यस्थभाव, वीतरागता, निष्पक्षता का उदय करता है, वहां स्याद्वाद वाणी में निर्दोषता आने का पूरा अवसर देता
    इस तरह सापेक्षता ही स्याद्वाद का रहस्य है। इसी के द्वारा सत्य का ज्ञान और निरूपण हो सकता है, जो कि किसी भी राष्ट्र के प्रजातंत्र, जनतंत्र या गणतंत्र की रीढ़ है। 
   
जहां अनेकांत दर्शन चित्त में समता, मध्यस्थभाव, वीतरागता, निष्पक्षता का उदय करता है, वहां स्याद्वाद वाणी में निर्दोषता आने का पूरा अवसर देता

  अहिंसा और अनेकांतवाद–
   जैन दर्शन का विश्वास है कि जब तक दृष्टि में समीचीनता नहीं आएगी ,तब तक मतभेद और संघर्ष बना ही रहेगा। नए दृष्टिकोण से वस्तुस्थिति तक पहुँचना ही विसंवाद से हटाकर जीवन को संवादी बना सकता है। जैन दर्शन की भारतीय संस्कृति को यही देन है। आज हमें जो स्वातन्त्र्य के दर्शन हुए हैं, वह इसी अहिंसा का पुण्यफल है। कोई यदि विश्व में भारत का मस्तक ऊँचा रख़ सकता है तो यह निरुपाधि वर्ण, जाति, रंग, देश आदि की क्षुद्र उपाधियों से रहित अहिंसा भावना ही है। 

आचार्य समन्तभद्र लिखते हैं— 
अहिंसा भूतानां जगति विदितं ब्रह्म परमं ।।119 ।। 

वास्तव में अहिंसा परमात्मस्वरूप है, अहिंसा वीतरागमय आत्मा का स्वभाव है, इससे उनका आशय यह प्रतीत होता है कि अहिंसा ब्रह्म के समान शुद्ध है। चैतन्य स्वरूप मनुष्य को परमात्मा होने की क्षमता अहिंसा द्वारा प्राप्त होती है अथवा अहिंसा की उपासना परमेश्वर की उपासना है। अहिंसा में राग-द्वेष का अभाव है और रागद्वेष रहित परिणति ही वीतरागता है, यह वीतराग भाव ब्रह्म-परब्रह्म-प्राप्ति का मार्ग है। 

अतः अहिंसा का यशोवर्णन इह-पर उभयलोक के श्रेयः साधन में अनुपम है। सच्चे अहिंसक की उपस्थिति में हिंसा के भाव लुप्त हो जाते हैं। प्राणिदया, समभाव तथा आत्मशांति की प्राप्ति अहिंसा द्वारा सम्भव है। अहिंसा से दया, करुणा विश्वमैत्री तथा प्राणीमात्र के प्रति समत्व का विचार उत्पन्न होता है। यह आचार का निरवद्य मार्ग है। इसमें घृणा, द्वेष, असन्तोष तथा परपीड़ा को अणुमात्र भी स्थान नहीं । अनेकान्त दर्शन इस अहिंसा को पुष्ट करने वाली विचारधारा है।

इस प्रकार अहिंसा की परिपूर्णता और स्थायित्व की प्रेरणा ने मानस शुद्धि के लिए अनेकान्त-दर्शन और वचन शुद्धि के लिए स्याद्वाद जैसी निधियों को भारतीय संस्कृति के कोषागार में दिया है।        
    इस तरह जैन दर्शन ने सर्वांगीण अहिंसा की साधना का वैयक्तिक और सामाजिक दोनों प्रकार का प्रत्यक्षानुभूत मार्ग बताया है। उसने पदार्थों के स्वरूप का यथार्थ निरूपण तो किया ही, साथ ही पदार्थों के देखने का, उनके ज्ञान करने का और उनके स्वरूप को वचन से कहने का नया वस्तुस्पर्शी मार्ग बताया। 
  इस अहिंसक दृष्टि से यदि भारतीय दर्शनकारों ने वस्तु का निरीक्षण किया होता तो विवाद का कहीं कोई  स्थान नहीं होता। इसीलिए प्रत्येक युग में  अहिंसक सन्त समन्वय दृष्टि, समता भाव और सर्वांगीण अहिंसा का सन्देश देते आए हैं। 
     यह जैन दर्शन की ही विशेषता है जो वह अहिंसा की तह तक पहुँचने के लिए केवल धार्मिक उपदेश तक ही सीमित नहीं रहा अपितु वास्तविक स्थिति के आधार से दार्शनिक युक्तियों को सुलझाने की मौलिक दृष्टि भी खोज सका। न केवल दृष्टि ही किन्तु मन वचन और काय – इन तीनों द्वारों से होने वाली हिंसा को रोकने का प्रशस्ततम मार्ग भी उपस्थित कर सका।

    वस्तुत: सत्य का सूरज किसी एक के घर को नहीं, अपितु सभी के घरों को निष्पक्षभाव से प्रकाश देता है। जरूरत है अपने घर रूपी मन के दरवाजे, खिड़कियाँ खुली रखें।  इसी प्रकार उनके अनेकांत सिद्धान्त को समन्वय और सह-अस्तित्व के लिए बहुत महत्त्वपूर्ण माना है । 

इस प्रकार सर्वथा एकान्त का त्याग कर अनेकान्त को स्वीकार करके ही वस्तु का कथन किया जा सकता है। वस्तु अनेक विरोधी धर्मों का समूह रूप है। इन अनेक धर्मों का निरूपण एक साथ- सम्भव नहीं है, अतः अनेक धर्मों को एक साथ जाना तो जा सकता है किन्तु एक शब्द एक समय में अनेक धर्मों अर्थात् गुणों का कथन नहीं कर सकता है। शब्द की शक्ति वस्तु के एक ही धर्म-गुण के व्याख्यान तक सीमित है।
क्योंकि शब्द की प्रवृत्ति भी वक्ता के अधीन है। वस्तु केअनेक धर्मों में से वक्ता किसी एक धर्म का मुख्यता से व्यवहार करता है। जैसे किसी व्यक्ति विशेष को कोई एक ही समय में उसका पिता भी बुलाता है और पुत्र भी। पिता उसे पुत्र कहकर और पुत्र उसे पिता कहकर बुलाता है।  यहाँ वह व्यक्ति न केवल पिता ही है, न केवल पुत्र ही, किन्तु वह पिता भी है और पुत्र भी है । 
  अतएव पिता की दृष्टि से उस व्यक्ति का पुत्रत्व धर्म मुख्य है और शेष धर्म गौण हैं और पुत्र की दृष्टि से उस व्यक्ति  में पितृत्व धर्म मुख्य है और शेष धर्म गौण हैं। क्योंकि अनेक धर्मात्मक वस्तु में से जिस धर्म या गुण के कथन की विवक्षा या अपेक्षा अर्थात् जरूरत होती है, उस धर्म या गुण का कथन मुख्य कहलाता है और उसके इतर अर्थात् अन्य धर्म या गुण गौण रहते हैं। इसीलिए वस्तु अनेकान्तात्मक है या अनन्तसहभावी गुणों और अनन्तक्रमभावी पर्यायों का समूह है। 

सप्तभंगी–पदार्थ के साथ इस स्यात् पद के सात भंग हैं। इन भंगों को सप्तभंग कहते हैं 
गणित के हिसाब से भी तीन मूल भंगों को मिलाने पर अधिक से अधिक सात अपुनरुक्त भंग हो सकते हैं। जैसे घड़े के अस्तित्व का विचार प्रस्तुत है –तब पहिला अस्तित्व धर्म, दूसरा उसका विरोधी नास्तित्व धर्म और तीसरा धर्म होगा अवक्तव्य, जो वस्तु के पूर्ण रूप की सूचना देता है कि वस्तु पूर्ण रूप से वचन के अगोचर है। उसके विराट् रूप को शब्द नहीं छू सकते। 
  अवक्तव्य नय(धर्म) इस अपेक्षा से भी है कि अस्तित्व और नास्तित्व इन दोनों धर्मों को युगपत्  (एकसाथ)कहने वाला शब्द संसार में नहीं है lअतः इस अपेक्षा से वस्तु यथार्थतः वचनातीत है अर्थात् वचनों से दोनों धर्मों को एकसाथ कहा नहीं जा सकता, इसीलिए वह अवक्तव्य है। 
  इस तरह मूल में तीन भंग हैं- जैसे स्यात् अर्थात् कथन्चित् घड़ा है –1. स्याद् अस्ति घटः ,2. स्यात्  नास्ति घटः 3. स्याद् अवक्तव्यो घटः । 
अवक्तव्य के साथ स्यात् पद लगाने का भी अर्थ है कि वस्तु युगपत् पूर्ण रूप में यदि अवक्तव्य है तो क्रमशः अपने अपूर्ण रूप में वक्तव्य भी है और वह अस्ति-नास्ति आदि रूप से वचनों का विषय भी होती है। अतः वस्तु स्याद् वक्तव्य भी है। 
  
इस प्रकार जब मूल भंग तीन हैं, तब इनके द्विसंयोगी भंग भी तीन होंगे तथा त्रिसंयोगी भंग एक होगा। जिस तरह चतुष्कोटि में सत् और असत् को मिलाकर प्रश्न होता है कि क्या सत् होकर भी वस्तु असत् है? उसी तरह ये भी प्रश्न हो सकते हैं कि 1. क्या सत् (अस्ति रूप)होकर भी वस्तु अवक्तव्य है? 2. क्या असत्  (नास्ति रूप) होकर भी वस्तु अवक्तव्य है? 3. क्या सत्-असत् दोनों रूप होकर भी वस्तु अवक्तव्य है? 
  इन तीनों प्रश्नों का समाधान संयोगज चार भंगों में है। इसीलिए अनेकान्त को स्पष्ट करना सप्तभंग का विषय है। इस तरह प्रत्येक पदार्थ के साथ इस स्यात् पद के सात भंग हैं। इन भंगों को सप्तभंग कहते हैं


प्रो. फूलचन्द जैन प्रेमी 
(राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित)
पूर्व जैनदर्शन विभागाध्यक्ष, 
श्रमण विद्या सङ्काय,
सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी
पता –‘अनेकान्त विद्या भवन’, बी- २३/४५, पी-६,
शारदनगर कॉलोनी, खोजवाँ, वाराणसी – २२१०१०
ईमेल –anekantjf@gmail.com, 
मो. ९४५०१७९२५४
9686703335,
दिनांक १७जून,२०२३

Comments

Popular posts from this blog

ब्रह्मी लिपि उद्भव और विकास Brahmi Lipi origin and Devolopment

ब्राह्मी लिपि : उद्भव और विकास - श्रीमती डा. मुन्नी पुष्पा जैन, वाराणसी          भाषा के बाद अभिव्यक्ति का सबसे अधिक सशक्त माध्यम ‘लिपि' है। ‘लिपि' किसी भाषा को चिन्हों तथा विभिन्न आकारों में बांधकर दृश्य और पाल्य बना देती है। इसके माध्यम से भाषा का वह रूप हजारों वर्षों तक सुरक्षित रहता है। विश्व में सैकड़ों गाषाए तथा सैकड़ों लिपियों हैं। भाषा का जन्म लिपि से पहले होता है, लिपि का जन्म बाद मे। प्राचीन शिलालेखों से यह स्पष्ट होता है कि प्राचीन भारत में ब्राह्मीलिपि ही प्रमुखतया प्रचलित रही है और यही बाह्मी लिपि अपने देश के समृद्ध प्राचीन ज्ञान-विज्ञान ,संस्कृति,इतिहास आदि को सही रूप में सामने लाने में एक सशक्त माध्यम बनी। सपाट गो मापवं ने/ इस ब्राह्मी लिपि में शताधिक शिलालेख लिखवाकर ज्ञान लिाप और भाषा को सदियों तक जीवित रखने का एक क्रांतिकारी कदम उठाया था।   सत्रहवीं-अठारहवीं शताब्दी में ब्राह्मी लिपि के रहस्य को समझने के लिए पश्चिमी तथा पूर्वी विद्वानों ने जो श्रम किया उसी का प्रतिफल है कि आज हम उन प्राचीन लिपियो को पढ़-समझ पा रहे है...

जैन ग्रंथों का अनुयोग विभाग

जैन धर्म में शास्त्रो की कथन पद्धति को अनुयोग कहते हैं।  जैनागम चार भागों में विभक्त है, जिन्हें चार अनुयोग कहते हैं - प्रथमानुयोग, करणानुयोग, चरणानुयोग और द्रव्यानुयोग।  इन चारों में क्रम से कथाएँ व पुराण, कर्म सिद्धान्त व लोक विभाग, जीव का आचार-विचार और चेतनाचेतन द्रव्यों का स्वरूप व तत्त्वों का निर्देश है।  इसके अतिरिक्त वस्तु का कथन करने में जिन अधिकारों की आवश्यकता होती है उन्हें अनुयोगद्वार कहते हैं। प्रथमानुयोग : इसमें संयोगाधीन कथन की मुख्यता होती है। इसमें ६३ शलाका पुरूषों का चरित्र, उनकी जीवनी तथा महापुरुषों की कथाएं होती हैं इसको पढ़ने से समता आती है |  इस अनुयोग के अंतर्गत पद्म पुराण,आदिपुराण आदि कथा ग्रंथ आते हैं ।पद्मपुराण में वीतरागी भगवान राम की कथा के माध्यम से धर्म की प्रेरणा दी गयी है । आदि पुराण में तीर्थंकर आदिनाथ के चरित्र के माध्यम से धर्म सिखलाया गया है । करणानुयोग: इसमें गणितीय तथा सूक्ष्म कथन की मुख्यता होती है। इसकी विषय वस्तु ३ लोक तथा कर्म व्यवस्था है। इसको पढ़ने से संवेग और वैराग्य  प्रकट होता है। आचार्य यति वृषभ द्वारा रचित तिलोयपन...

TEMPLES, STEPWELLS, FORTS ETC built by KING KUMARPAL

TEMPLES, STEPWELLS, FORTS ETC built by KING KUMARPAL Raja Kumarapal was responsible for building a large number of temples in his capital Anahilapataka (Patan). After accepting Jainism, he spent 14 crores gold coins in 14 years for Sadharmik Bhakti. He constructed 21 Jain libraries, 1444 new Jinalaya/vihars, renovated 1600 temples and organised 'Cha-Ri-Palit Sangh' to various tirths 7 times. In V.S.1226 he arranged Cha-Ri-Palit sangh yatra to Shatrunjay Tirth. According to Jain prabandhas, he built 32 Jain temples as the repentance of his non-vegetarianism in early life. He built temples at several sites, many of which are already Jain sites of pilgrimage: Shatrunjaya, Arbudagiri (Abu), Stambhatirtha (Khambhat), Prabhas etc. Somnath temple of Shashibhushana (1169 AD) at Prabhas patan (Somnath patan, old name Dev Patan) which is mentioned as one of the 5 sacred temples of the town according to Prabhas-kanda was renovated by him. Kumarapal's Somnath inscription mentions it...