“श्रमण संस्कृति और वैदिक व्रात्य” यह पुस्तक पढ़ना क्यों ज़रूरी है ! श्रमण जैनधर्म और संस्कृति अति प्राचीन और महान् तो है ही, इस देश की यह मूल संस्कृति भी है – यह हम सभी जैन धर्मावलम्बी आपस में एक-दूसरे को तथा वक्तव्यों में कहते भी हैं और मानते भी हैं । ऐसा कहना-सुनना बहुत सरल भी है और पूर्णतः यथार्थ भी है । किन्तु भारतीय इतिहास और इसकी पुस्तकों में हमारी क्या स्थिति है ? इस सत्य से भी हम सभी सुपरिचित हैं । काफी कुछ निराकरण के बाद आज भी इतिहास और अन्य विषयों की पुस्तकों में भ्रामक रूप में जैनधर्म के संस्थापक भगवान् महावीर थे – यह लिखा हुआ मिल जाता है । इसके अतिरिक्त और भी अनेक भ्रमपूर्ण मान्यताएं आज भी प्रचलित हैं । इन सबके पीछे अनेक कारणों में से काफ़ी कुछ हम भी दोषी हैं । जैनेतर इतिहासकारों और विद्वानों को न तो प्रमाण सहित हमने अपना प्राचीन वैभव दिखाया और न इतना विशाल जैन साहित्य प्रस्तुत किया, जिसके माध्यम से वे अनुसंधान पूर्वक सही तथ्यों को लिख पाते । क्योंकि इतिहासकार सबल प्रमाण चाहते हैं । जबकि वेदों, उपनिषदों, वैदिक पुराणों, स्मृतियों, बौद्ध-पालि साहित्य और शिलालेखों आदि में हम...