Skip to main content

गुण ग्रहण करो

*गुण ग्रहण करो* 

 
-प्रो. वीरसागर जैन

                                                 व्यालाश्रयापि विफलापि सकंटकापि,
वक्रापि पंकिलभवापि दुरासदापि |
एकेन जन्तु रस केतकी सर्वभावं,
एको गुण: खलु निहन्ति समस्तदोषम् ||

नीति का यह श्लोक बहुत ही महत्त्वपूर्ण है | इसका हिन्दी अर्थ यह है कि केतकी में अनेक कमियां होती हैं, उस पर सर्प लिपटे रहते हैं, वह फलरहित भी होती है, उसमें कांटे भी होते हैं, वह कीचड़ में भी होती है, वह दुरासद (दुष्प्राप्य) भी होती है, इत्यादि, किन्तु एक गन्ध गुण के कारण सबको प्रिय होती है | ठीक ही है, एक गुण सर्व दोषों को नष्ट कर देता है |

उक्त श्लोक भारतीय संस्कृति के इस महान संदेश की सुन्दरतम प्रस्तुति है कि हमें कभी भी किसी के दोष नहीं देखना चाहिए, मात्र उसके गुण ग्रहण करना चाहिए | यदि किसी में हजार दोष हों और मात्र कोई एक ही गुण हो तो भी हमें उसके उन हजार दोषों पर ध्यान न देकर मात्र उस एक गुण पर ध्यान देना चाहिए और उसके उस एक गुण को ग्रहण कर लेना चाहिए |

काश, यह बात हम सबकी समझ में आ जाए | न केवल समझ में आ जाए, जीवन में ही उतर जाए तो हमारा जीवन निहाल हो जाए | यदि दुनिया के सभी लोग इसे अपना लें तो यह पूरी दुनिया ही स्वर्ग बन जाए |

परन्तु वर्तमान में तो हमारी स्थिति एकदम उलटी हो रही है | हम तो यदि किसी में हजार गुण हों और मात्र एक दोष हो तो हम उसके उन हजार गुणों को नहीं देखते, मात्र उसका एक दोष ही देखते हैं | हमारा कैसे उद्धार होगा ?

एक बार एक आदमी घूमने गया | वह एक उद्यान में पहुंचा | वहाँ उसने सर्वप्रथम एक कोयल को गाते हुए सुना | उसका मन प्रसन्न हो गया | उसके कानों में मिश्री घुल रही थी | उसने उसे जी भरकर सुना | किन्तु चलते समय उससे यही कहा कि काश, तू काली नहीं होती तो कितना अच्छा रहता |

इसके बाद वह आगे गया तो उसने एक गुलाब का पुष्प देखा | इतना सुन्दर पुष्प उसने जीवन में पहली बार देखा था | वह बहुत प्रसन्न हुआ | परन्तु चलते समय उसने उससे भी यही कहा कि काश, तुझमें कांटे नहीं होते तो कितना अच्छा रहता |

इसके बाद वह एक समुद्र के किनारे पहुँच गया | इतना विशाल एवं शान्त समुद्र भी उसने जीवन में पहली बार देखा था | वह उसे देखकर बहुत प्रसन्न हुआ | उसके किनारों पर उसने खूब घंटों तक जलक्रीडा की | परन्तु चलते समय उसने उससे भी यही कहा कि काश, तू खारा नहीं होता तो कितना अच्छा रहता |

अब रात्रि हो चली थी | वह अपने घर की ओर लौट चला | संयोग से उस दिन शरद पूर्णिमा थी | चन्द्रमा अपनी सोलह कलाओं के साथ खिला हुआ था | अपने सुधाकर नाम को ही चरितार्थ किये हुए था | उसे उसकी शीतल चांदनी भी आज बहुत ही सुखद प्रतीत हो रही थी | उसने उसका बहुत आनन्द लिया | परन्तु चलते समय उससे भी यही कहा कि काश, तुझमें कलंक नहीं होता तो कितना अच्छा रहता |

जब वह अपने घर की ओर लौट रहा था तब उसे एक साथ चार लोगों ने पुकारा-  “अरे ओ मनुष्य ! सृष्टि की सुन्दरतम रचना ! तू कितना अच्छा है रे, तू चौरासी लाख योनियों में सबसे अच्छा है रे, परन्तु काश, तुझमें दोष देखने की आदत नहीं होती तो कितना अच्छा रहता | तू साक्षात् भगवान ही होता |”

यह कहानी बहुत महत्त्वपूर्ण है | हम मनुष्य बने हैं अर्थात् अब भगवान के एकदम पास आ गये हैं | किन्तु अब एक ही बहुत बड़ी बाधा है हमारे अंदर कि हम सर्वत्र दोष ही दोष देखते रहते हैं | अब हमें इस स्थिति को एकदम बदल देना है | दोष देखने के लिए बिलकुल अंधा-बहरा बन जाना है और गुण ग्रहण करने के लिए चन्द्रमा की सोलह कला की तरह पूर्णत: खिल जाना है |

एक बार की बात है | एक स्थान पर एक मरा हुआ कुत्ता पड़ा था | बहुत दुर्गन्ध आ रही थी | सब लोग नाक-भौं सिकोड़े अनेक प्रकार से उसकी बुराई कर रहे थे | तभी एकाएक श्रीकृष्ण आ गये | बोले, अरे देखो तो सही इसके दांत कितने सुन्दर हैं, एकदम मोती जैसे चमक रहे हैं | कहने का संदेश यही था कि हमें अत्यंत विषम स्थिति में भी गुण देखने की आदत विकसित करनी चाहिए | दोष देख-देखकर कषाय करना उचित नहीं |

यदि दोष ही देखना हो तो अपने दोष देखना चाहिए | गुण-दोष के सम्बन्ध में मुख्य सिद्धांत यही है कि अपने दोष देखो और दूसरे के गुण देखो | अपने गुण और दूसरे के दोष देखने से बहुत कषाय होती है, अत: उनकी उपेक्षा करो |

Comments

Popular posts from this blog

जैन ग्रंथों का अनुयोग विभाग

जैन धर्म में शास्त्रो की कथन पद्धति को अनुयोग कहते हैं।  जैनागम चार भागों में विभक्त है, जिन्हें चार अनुयोग कहते हैं - प्रथमानुयोग, करणानुयोग, चरणानुयोग और द्रव्यानुयोग।  इन चारों में क्रम से कथाएँ व पुराण, कर्म सिद्धान्त व लोक विभाग, जीव का आचार-विचार और चेतनाचेतन द्रव्यों का स्वरूप व तत्त्वों का निर्देश है।  इसके अतिरिक्त वस्तु का कथन करने में जिन अधिकारों की आवश्यकता होती है उन्हें अनुयोगद्वार कहते हैं। प्रथमानुयोग : इसमें संयोगाधीन कथन की मुख्यता होती है। इसमें ६३ शलाका पुरूषों का चरित्र, उनकी जीवनी तथा महापुरुषों की कथाएं होती हैं इसको पढ़ने से समता आती है |  इस अनुयोग के अंतर्गत पद्म पुराण,आदिपुराण आदि कथा ग्रंथ आते हैं ।पद्मपुराण में वीतरागी भगवान राम की कथा के माध्यम से धर्म की प्रेरणा दी गयी है । आदि पुराण में तीर्थंकर आदिनाथ के चरित्र के माध्यम से धर्म सिखलाया गया है । करणानुयोग: इसमें गणितीय तथा सूक्ष्म कथन की मुख्यता होती है। इसकी विषय वस्तु ३ लोक तथा कर्म व्यवस्था है। इसको पढ़ने से संवेग और वैराग्य  प्रकट होता है। आचार्य यति वृषभ द्वारा रचित तिलोयपन...

णमोकार महामंत्र के 9 रोचक तथ्य

9 अप्रैल 2025 विश्व नवकार सामूहिक मंत्रोच्चार पर विशेष – *णमोकार महामंत्र के 9 रोचक तथ्य* डॉ.रूचि अनेकांत जैन प्राकृत विद्या भवन ,नई दिल्ली १.   यह अनादि और अनिधन शाश्वत महामन्त्र है  ।यह सनातन है तथा श्रुति परंपरा में यह हमेशा से रहा है । २.    यह महामंत्र प्राकृत भाषा में रचित है। इसमें कुल पांच पद,पैतीस अक्षर,अन्ठावन मात्राएँ,तीस व्यंजन और चौतीस स्वर हैं । ३.   लिखित रूप में इसका सर्वप्रथम उल्लेख सम्राट खारवेल के भुवनेश्वर (उड़ीसा)स्थित सबसे बड़े शिलालेख में मिलता है ।   ४.   लिखित आगम रूप से सर्वप्रथम इसका उल्लेख  षटखंडागम,भगवती,कल्पसूत्र एवं प्रतिक्रमण पाठ में मिलता है ५.   यह निष्काम मन्त्र है  ।  इसमें किसी चीज की कामना या याचना नहीं है  । अन्य सभी मन्त्रों का यह जनक मन्त्र है  । इसका जाप  9 बार ,108 बार या बिना गिने अनगिनत बार किया जा सकता है । ६.   इस मन्त्र में व्यक्ति पूजा नहीं है  । इसमें गुणों और उसके आधार पर उस पद पर आसीन शुद्धात्माओं को नमन किया गया है...

सम्यक ज्ञान का स्वरूप

*सम्यक ज्ञान का स्वरूप*  मोक्ष मार्ग में सम्यक ज्ञान का बहुत महत्व है । अज्ञान एक बहुत बड़ा दोष है तथा कर्म बंधन का कारण है । अतः अज्ञान को दूर करके सम्यक ज्ञान प्राप्त करने का पूर्ण प्रयास करना चाहिए । परिभाषा -  जो पदार्थ जैसा है, उसे वैसे को वैसा ही जानना, न कम जानना,न अधिक जानना और न विपरीत जानना - जो ऍसा बोध कराता है,वह सम्यक ज्ञान है । ज्ञान जीव का एक विशेष गुण है जो स्‍व व पर दोनों को जानने में समर्थ है। वह पा̐च प्रकार का है–मति, श्रुत, अवधि, मन:पर्यय व केवलज्ञान। अनादि काल से मोहमिश्रित होने के कारण यह स्‍व व पर में भेद नहीं देख पाता। शरीर आदि पर पदार्थों को ही निजस्‍वरूप मानता है, इसी से मिथ्‍याज्ञान या अज्ञान नाम पाता है। जब सम्‍यक्‍त्व के प्रभाव से परपदार्थों से भिन्न निज स्‍वरूप को जानने लगता है तब भेदज्ञान नाम पाता है। वही सम्‍यग्‍ज्ञान है। ज्ञान वास्‍तव में सम्‍यक् मिथ्‍या नहीं होता, परन्‍तु सम्‍यक्‍त्‍व या मिथ्‍यात्‍व के सहकारीपने से सम्‍यक् मिथ्‍या नाम पाता है। सम्‍यग्‍ज्ञान ही श्रेयोमार्ग की सिद्धि करने में समर्थ होने के कारण जीव को इष्ट है। जीव का अपना प्रतिभ...